12 फरवरी राष्ट्रव्यापी हड़ताल: हरियाणा सरकार सख्त, बिजली कर्मचारियों के लिए ‘No Work-No Wage’ का आदेश जारी

चंडीगढ़ : 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर एक ओर जहां कर्मचारी संगठनों ने व्यापक तैयारी की है तो दूसरी ओर सरकार ने कर्मचारियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। इस बाबत हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड ने हड़ताल के मद्देनजर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। आल हरियाणा पावर कार्पर्पोरेशन वर्कर्स यूनियन ने केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों के आह्वान पर हड़ताल में शामिल होने का नोटिस दिया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि 12 फरवरी को किसी भी कर्मचारी को सामान्य परिस्थितियों में किसी प्रकार की छुट्टी नहीं दी जाएगी। केवल अत्यंत जरूरी और विशेष स्थितियों में ही सक्षम अधिकारी कारण दर्ज कर अवकाश दे सकेंगे।
निगम की ओर से कहा गया है कि यदि कोई कर्मचारी आदेशों की अवहेलना कर हड़ताल में शामिल होता है या दूसरों को उकसाता है तो उसे ड्यूटी से अनुपस्थित माना जाएगा और उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों के 12 को हड़ताल के लिए एकजुट हो रहे कर्मचारी लिए नो वर्क, नो वेज लागू होगा। सभी कार्यालयों में निर्देशों को नोटिस बोर्ड पर लगाने और सब-स्टेशनों पर शिफ्ट ड्यूटी कर्मचारियों को उपस्थिति सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। निगम ने कहा है कि भविष्य में हड़ताल या धरने के दौरान भी यही नियम लागू होंगे।
देशव्यापी हड़ताल में लाखों कर्मचारी व मजदूर भाग लेंगे : सुभाष लांबा
अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी, मजदूर व कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल राज्य में ऐतिहासिक रूप से सफल होने जा रही है। इस हड़ताल का आह्वान देश की 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, केंद्र एवं राज्य सरकार और पी.एस.यू. के कर्मचारियों के सैकड़ों कर्मचारी संघों की फैडरेशनों ने संयुक्त रूप से किया है। हड़ताल को राज्य में सफल बनाने के लिए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व मजदूर संगठन सीटू हरियाणा ने पूरी ताकत झोंक दी है। पिछले 10 दिन से 7 जत्थे राज्य के सभी 22 जिलों में मजदूर, कर्मचारियों और आम जनता के बीच जाकर जनसभाएं कर रहे है। राज्य में सीटू, इंटक, एटक, हिंद मजदूर सभा, ए.आई.यू.टी.यू.सी., सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा, हरियाणा कर्मचारी महासंघ, हरियाणा बैंक एम्पलाइज फैडरेशन, नॉर्थ जोन बीमा कर्मचारी संघ, पोस्टल, टैलीकॉम, स्वतंत्र औद्योगिक यूनियने ओर इन संगठनों से जुड़े हजारों यूनियनें हड़ताल में उतरेंगी।




