अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त: फिन एलन ने टी20 क्रिकेट में रचा इतिहास, सबसे कम गेंदों में पूरे किए 5000 रन

टी20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूट गया है. ये रिकॉर्ड न्यूजीलैंड और UAE के बीच खेले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में टूटा. अभिषेक शर्मा ने हाल ही में टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों पर 5000 रन पूरे करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था, जिसे न्यूजीलैंड के फिन एलन ने अब तोड़ दिया है. फिन एलन ने T20 क्रिकेट में 5000 रन पूरे करने के लिए अभिषेक शर्मा से 44 गेंदें कम खेली.
अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटा
अभिषेक शर्मा ने अपने 5000 रन T20 क्रिकेट में 2898 गेंदों में पूरे किए थे. जब उन्होंने ये कारनामा किया था, तब आंद्रे रसेल के वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा था. रसेल ने 2942 गेंदों पर 5000 रन टी20 क्रिकेट में बनाए थे. हालांकि, अब अभिषेक शर्मा से भी आगे इस मामले में फिन एलन निकल गए है, जिन्होंने 44 गेंदें कम खेलते हुए इतिहास रचा है. उन्होंने 2858 गेंदों में ही अपने 5000 T20 रन पूरे कर एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है.
UAE के खिलाफ न्यूजीलैंड की जीत में दिखा फिन एलन का दम
T20 वर्ल्ड कप 2026 में 10 फरवरी को खेले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने UAE को 10 विकेट से हराया. UAE ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 173 रन बनाए थे. जवाब में 174 रन के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने बिना विकेट गंवाए 15.2 ओवर में ही चेज कर लिया. न्यूजीलैंड की ओपनिंग जोड़ी ने ही पूरे रन बना दिए, जिसमें टिम साइफर्ट 42 गेंदों पर 89 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 12 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. वहीं फिन एलन ने 50 गेंदों पर 84 रन 5 छक्के और 5 चौके की मदद से बनाए.
UAE के खिलाफ 21वीं गेंद पर रचा इतिहास
UAE के खिलाफ खेली अपनी तूफानी इनिंग के दौरान फिन एलन ने T20 क्रिकेट में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 5000 रन बनाने का कारनामा किया. UAE के खिलाफ मुकाबले से पहले तक फिन एलन T20 क्रिकेट में 5000 रन के अपने लक्ष्य से 38 रन दूर थे. मगर उसमें 84 रन बनाने के बाद अब उनके 5046 रन हो गए हैं. उन्होंने UAE के खिलाफ 50 गेंदों की अपनी इनिंग की 21वीं गेंद पर 5000 रन पूरे करते हुए अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा और इतिहास रचा.




