Yamunanagar Crime: यमुनानगर में शोर-शराबे से टोका तो शोरूम संचालक पर चला दी गोलियां, CCTV में कैद वारदात

यमुनानगर: यमुनानगर का कोट बसावा सिंह गांव उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल गया, जब बस अड्डे पर स्थित गारमेंट्स शोरूम के संचालक सोहेल खान पर जानलेवा हमला हुआ। सीसीटीवी की ये तस्वीरें गवाह हैं कि कैसे बेखौफ हमलावर हथियार लहराते हुए वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार विवाद की वजह बेहद मामूली थी। पीड़ित सोहेल खान के मुताबिक, पड़ोस का दुकानदार अपने साथियों के साथ शराब पीकर शोर-शराबा कर रहा था। जब सोहेल ने उन्हें टोका, तो पड़ोसी दुकानदार तैश में आ गया और उसने अपने पास रखे कट्टे से सोहेल पर सीधा फायरिंग कर दजान बचाने के लिए सोहेल पास के दूसरे शोरूम में भागा, तब जाकर उसकी जान बच सकी। दहशत का आलम यहीं खत्म नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शी अकरम ने बताया कि बदमाशों ने उसके सिर पर भी पिस्टल तानकर उसे जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देकर तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर बड़े आराम से फरार हो गए। शोरूम संचालक ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद एएसपी, डीएसपी और सीआईए समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
यमुनानगर में कानून व्यवस्था किस कदर चरमरा गई है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह 24 घंटे के भीतर फायरिंग की दूसरी घटना है। इससे पहले शनिवार रात को एक अस्पताल और मॉल पर फायरिंग हुई थी, जिसमें पुलिस ने एनकाउंटर भी किया था।
छछरौली थाना प्रभारी रोहतास कुमार का कहना है कि तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।




