हरियाणा

हुड्डा के लंच में राहुल-प्रियंका की एंट्री: दीपेंद्र हुड्डा के दिल्ली आवास पर जुटे कांग्रेस के दिग्गज, सियासी गलियारों में हलचल

दिल्ली : हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित वार्षिक लंच कार्यक्रम इस बार खास राजनीतिक संदेशों का गवाह बना। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ कांग्रेस के कई दिग्गज राष्ट्रीय नेता, सांसद और विधायक भी मौजूद रहे।

15 तालकटोरा रोड स्थित सांसद दीपेंद्र हुड्डा के निवास पर आयोजित इस लंच में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट सहित दर्जनों सांसद, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी तथा हरियाणा कांग्रेस के विधायक और सांसद पहुंचे। कार्यक्रम में देश और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर अनौपचारिक चर्चा भी हुई।

गौरतलब है कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा हर साल संसद सत्र के दौरान कांग्रेस सांसदों, विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और पत्रकार साथियों के सम्मान में यह लंच कार्यक्रम आयोजित करते हैं। यह परंपरा पिछले कई वर्षों से चली आ रही है, लेकिन इस बार कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी रही।

लंच कार्यक्रम के दौरान नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। कई सांसदों और विधायकों ने पार्टी संगठन, आगामी चुनावों की रणनीति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। हालांकि इसे औपचारिक बैठक नहीं बताया गया, लेकिन राजनीतिक संदेश साफ तौर पर नजर आया।

इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और जनप्रतिनिधि एक मंच पर नजर आए, जिससे यह लंच कार्यक्रम केवल सामाजिक आयोजन न रहकर एक प्रभावशाली राजनीतिक जमावड़े के रूप में सामने आया।

Related Articles

Back to top button