हरियाणा

मनीषा मौत मामला: भिवानी में सीबीआई रिपोर्ट न मिलने पर फूटा गुस्सा, 31 सदस्यीय कमेटी करेगी CM से मुलाकात

भिवानी। मनीषा मौत मामले को लेकर वीरवार को लोहारू क्षेत्र के बुद्धिजीवी लोगों की बैठक आयोजित की गई जिसमें सीबीआई जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक न होने पर गहरा आक्रोश जताया गया। बैठक में कहा गया कि सीबीआई द्वारा जांच के लिए मांगे गए तीन माह का समय पूरा हुए कई दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक मनीषा मौत मामले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है जिससे क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है।

बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि किसी बड़े जन आंदोलन से पहले मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार से सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुलाकात कर संतोषजनक समाधान निकालने का प्रयास किया जाए। इसी उद्देश्य से लोहारू क्षेत्र के आठ गांवों की ओर से 31 सदस्यों वाली एक कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी मुख्यमंत्री से मिलकर मनीषा मौत मामले की सीबीआई जांच की प्रगति की जानकारी लेगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी।

बैठक के निर्णय के अनुसार वीरवार को लोहारू एसडीएम से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि 31 सदस्यीय कमेटी को शीघ्र मुख्यमंत्री से मिलने का समय प्रदान किया जाए तथा चंडीगढ़ आने-जाने के लिए सरकारी मिनी बस सेवा उपलब्ध कराई जाए ताकि बातचीत के माध्यम से मनीषा मौत मामले का समाधान निकाला जा सके।

कमेटी ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला तो लोहारू क्षेत्र के लोगों को 84 खाप सहित हरियाणा स्तर पर बड़ी पंचायत बुलाने पर मजबूर होना पड़ेगा। साथ ही यह भी निवेदन किया गया कि यदि मुख्यमंत्री स्वयं जिला भिवानी पहुंचकर कमेटी के माध्यम से इस गंभीर मामले का समाधान करें, तो क्षेत्रवासी इसके लिए आभारी रहेंगे। गुरुवार को ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान मनीषा के पिता संजय के साथ आजाद सिंह भुंगला, रणबीर, सहीराम, सुरेश, मनफूल सिंह, मीर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button