गुरुग्राम स्कूल संचालक की मौत: पत्नी और दोस्त पर शक की सुई, वारदात के बाद से दोनों फरार; पुलिस कर रही तलाश

गुरुग्राम। पटौदी रोड चौकी क्षेत्र के गांधी नगर में स्कूल संचालक की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस मृतक की पत्नी और उसके दोस्त की तलाश कर रही है। मृतक के भाई के बयान के आधार पर दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
गांधी नगर गली नंबर-11 स्थित एंजेल चिल्ड्रेन एकेडमी के संचालक 50 वर्षीय शैलेंद्र कुमार कर्ण का शव शनिवार सुबह स्कूल परिसर में मिला था। उनके सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगने का निशान पाया गया था। शव क्लास रूम में कुर्सी पर बैठी अवस्था में मिला, जबकि नीचे फर्श पर खून फैला हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक मूल रूप से बिहार के पटना जिले के कंकरबाग कालोनी के रहने वाले थे और पिछले करीब 25 वर्षों से गुरुग्राम के गांधी नगर में किराये के मकान में रह रहे थे। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर वह स्कूल का संचालन करते थे। शनिवार सुबह तीसरी मंजिल पर रहने वाले किरायेदार जब नीचे आए तो उन्होंने क्लास रूम में शव देखा और तुरंत आसपास के लोगों व पुलिस को सूचना दी।
मृतक के भाई नीलेंद्र के बयान और मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने पत्नी सुजाता और उसके दोस्त कुलबीर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




