World

अमेरिका-ईरान तनाव: ट्रंप ने किया बातचीत का दावा, ईरान का दोटूक जवाब- ‘दबाव में नहीं होगी चर्चा’

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस समय ईरान अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है ट्रंप ने कहा, ईरान हमसे बात कर रहा है. देखेंगे कि कोई समाधान निकलता है या नहीं, वरना फिर आगे क्या होगा, यह देखा जाएगा. वहीं ईरान ने भी दोनों देशों के बीच बातचीत की पुष्टि की है. हालांकि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने साफ कहा है कि अमेरिका धमकी या ताकत के जरिए ईरान को बातचीत के लिए मजबूर नहीं कर सकता.

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ने ईरान के पास एक बड़ा नौसैनिक बेड़ा भेजा है. ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान पर संभावित मिलिट्री एक्शन की योजना अमेरिका अपने क्षेत्रीय सहयोगियों को भी नहीं बता रहा है. इसके पीछे उन्होंने सुरक्षा कारण बताए. उन्होंने यह बात ऐसे समय कही है, जब ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर सख्त कार्रवाई के बाद अमेरिका ने दखल की धमकी दी थी.

ईरान ने मिस्त्र से बातचीत की

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल सीसी से फोन पर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि ईरान को धमकी या ताकत के इस्तेमाल से बातचीत के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता. ईरान की जमीन पर किसी भी तरह का हमला या आक्रामक कार्रवाई की गई, तो उसका कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा.

पेजेशकियन यह भी कहा कि ईरान कभी भी युद्ध नहीं चाहता. उनके मुताबिक, युद्ध से न तो ईरान का फायदा होगा, न अमेरिका का और न ही पूरे इलाके का. मिस्र के राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्र से जुड़े अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा की. मिस्र अमेरिका-ईरान तनाव के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है.

ईरान के पास पहुंचा अमेरिकी बेड़ा

अमेरिका ने ईरान के तट के पास USS अब्राहम लिंकन एयरक्राफ्ट कैरियर वॉरशिप के नेतृत्व में एक नेवल स्ट्राइक ग्रुप तैनात किया है. इसके अलावा अमेरिका ने इलाके में कई गाइडेड मिसाइल डेस्ट्रॉयर तैनात किए हैं. इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि हमारे क्षेत्र में बाहरी ताकतों की मौजूदगी का हमेशा उल्टा प्रभाव पड़ा है. इससे तनाव घटने की बजाय बढ़ा है.

Related Articles

Back to top button