पंडित जसराज की प्रतिमा अनावरण समारोह 2 फरवरी को फतेहाबाद में: सतीश शाहपुर
भिवानी,(ब्यूरो): भारतीय शास्त्रीय संगीत के महान साधक, पद्म विभूषण एवं संगीत मार्तंड पंडित जसराज की जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय महोत्सव एवं उनकी प्रतिमा के अनावरण समारोह का आयोजन 2 फरवरी को प्रात: 11 बजे, शहीद जगदीश चंद्र कड़वासरा खेल स्टेडियम, पुलिस लाइन, फतेहाबाद में किया जाएगा। समारोह के संयोजक सतीश शाहपुर उपाध्यक्ष हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने बताया कि समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त भाजपा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा तथा कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, रणबीर सिंह गंगवा, कृष्ण कुमार बेदी के साथ-साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी, सांस्कृतिक जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों एवं समाज के गणमान्य नागरिक भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रदेश को देश में प्राय: ‘जय जवान-जय किसान’ की भूमि के रूप में जाना जाता है। यह प्रदेश न केवल वीर सैनिकों और मेहनतकश किसानों के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि भारतीय संस्कृति और शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में भी इसका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। पंडित जसराज जी का जन्म हरियाणा की धरती पर होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है तथा यह समूचे भारत के लिए सम्मान की बात है कि भारतीय शास्त्रीय संगीत को वैश्विक मंचों पर प्रतिष्ठा दिलाने वाली ऐसी महान विभूति ने इसी भूमि पर जन्म लिया। पंडित जसराज जी ने मेवाती घराने की परंपरा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया और भारतीय शास्त्रीय संगीत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। सांसद धर्मबीर सिंह के मीडिया सलाहकार सुनील वर्मा नंबरदार ने भी भिवानी शहर के पूराना बस स्टैण्ड, दादरी गेट, जीतूवाला जोहड़ आदि क्षेत्र में पहुंच कर लोगों को सम्मेलन का निमंत्रण दिया।




