हरियाणा

यमुनानगर में मातम: खेलते-खेलते पानी में डूबा 5 साल का मासूम, दर्दनाक हादसे में बुझ गया घर का चिराग

यमुनानगर : खारवन रोड स्थित एक ईंट भट्ठे पर बने पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा शनिवार शाम से लापता था जिसकी तलाश में परिजन पूरी रात भटकते रहे। रविवार सुबह उसका शव गड्ढे में मिला।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी साहिल (5) हुई है। साहिल के माता-पिता ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं और वहीं रह रहे थे। मृतक के पिता शौकीन ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4 बजे साहिल भट्ठे के आसपास खेल रहा था तभी अचानक वह लापता हो गया। उसे पूरी रात भट्ठे वा आसपास के क्षेत्रों में ढूंढते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह तलाश दौरान एक ग्रामीण ने भट्ठे के पास बने गड्ढे में शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बताया गया कि यह गड्ढा करीब 7 से 8 फुट गहरा था जिसमें पानी भरा हुआ था। इसी गड्ढे में साहिल का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

Related Articles

Back to top button