हरियाणा

अनाज मंडी में सुविधाओं की खुली पोल: करोड़ों का टर्नओवर, लेकिन शौचालय पर लटका ताला; किसान और व्यापारी बेबस

बहल। अनाज मंडी में महिलाओं और पुरुषों के लिए बनाए गए सुलभ शौचालय काफी दिनों से बंद पड़े हैं। शौचालय बंद होने से मंडी क्षेत्र के दुकानदारों, मंडी में आने वाले किसानों व आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की अपील पर मंडी कर्मचारियों द्वारा एक बार शौचालय खोलने के बाद कुछ दिन में ही दोबारा बंद कर दिया जाता है जिससे समस्या लगातार बनी हुई है।

दरअसल जब बहल अनाज मंडी में सुविधाओं का विस्तार किया गया था उस समय मंडी परिसर में लाखों रुपये की लागत से एक नंबर गेट के पास सुलभ शौचालय का निर्माण किया गया था। इसके बनने से मंडी परिसर के दुकानदारों, मंडी में आने वाले किसानों व अन्य लोगों को सुविधा मिली थी। बहल-भिवानी मुख्य रोड के बाजार में सुलभ शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण बस स्टैंड, राजगढ़ मोड़ और मुख्य रोड पर फड़ लगाने वाले भी इसी शौचालय का प्रयोग करते थे। लेकिन पिछले काफी समय से इसके मुख्य गेट पर ताला लगाकर इसे बंद कर दिया गया है जिससे लोगों की परेशानी फिर से बढ़ गई है।

लोगों ने कई बार व्यक्तिगत तौर पर प्रशासन के समक्ष मुख्य रोड पर सुलभ शौचालय बनाए जाने या मंडी परिसर में बने शौचालय को नियमित रूप से खोले जाने की मांग रखी है लेकिन लंबे समय से इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वहीं बस स्टैंड परिसर में बने शौचालय भी बदहाली का शिकार है। लोगों ने रोडवेज अधिकारियों से बस स्टैंड परिसर के शौचालयों में पानी की सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें सुचारु रूप से चालू करवाने की मांग की है।

बस स्टैंड परिसर, बहल-भिवानी मुख्य रोड और मंडी परिसर में पहले लघुशंका के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। मंडी में सुलभ शौचालय बनने के बाद लोगों को सुविधा मिली थी और बाजार के दुकानदार व आने-जाने वाले लोगों को समस्या का सामना नहीं करना पड़ता था। अब बिना किसी वजह से इसे बंद कर दिया गया है जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

अनाज मंडी में बने सुलभ शौचालय से आसपास के लोगों को सुविधा मिल रही थी। मंडी प्रशासन ने इसे बंद कर मंडी के दुकानदारों, किसानों व अन्य लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। इसे शीघ्र चालू करवाया जाना चाहिए ताकि आमजन को शौचालय के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

पूरे बहल से भिवानी रोड के मुख्य बाजार में शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है। बस स्टैंड पर शौचालय बने हैं लेकिन वे सफाई के अभाव में न के बराबर हैं। मंडी परिसर में बने शौचालय से बहुत से लोगों को लघुशंका के लिए सुविधा थी लेकिन इसे बंद कर दिया है। लोगों की सुविधा को देखते हुए इसे शीघ्र चालू करवाना चाहिए।

मंडी परिसर में बने सुलभ शौचालयों को बंद करने की बात मेरे संज्ञान में नहीं है। इस बारे में कर्मचारियों से बात करूंगा और शौचालय खुलवाए जाएंगे। मंडी दुकानदारों व मंडी में आने-जाने वाले किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button