हरियाणा

2 फरवरी से शुरू होगा युवाओं का ‘महा-आंदोलन’! गौरव बोले- हकों की लड़ाई के लिए हो रहा है शंखनाद

भिवानी। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने दो फरवरी को आयोजित युवा सम्मेलन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता गौरव संपत सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसका युवा विंग होता है। उन्होंने कहा कि दो फरवरी का सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरियाणा के युवाओं के हकों की लड़ाई का शंखनाद होगा।

रविवार को बड़ चौक स्थित भगवान परशुराम धर्मशाला में इनेलो युवा प्रकोष्ठ की जिलास्तरीय बैठक आयोजित की गई। पार्टी के प्रदेश प्रधान महासचिव एवं भिवानी जिला प्रभारी गौरव संपत सिंह और आईएसओ के प्रदेश अध्यक्ष साहिलदीप कस्वां भी मौजूद रहे। वहीं, बैठक की अध्यक्षता इनेलो जिलाध्यक्ष अशोक ढाणी माहु तथा युवा जिला अध्यक्ष संदीप घणघस ने की।

इनेलो युवा प्रकोष्ठ के सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया। इस सम्मेलन में युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्ण सिंह चौटाला शिरकत करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं का उत्साह बता रहा है कि प्रदेश में बदलाव की लहर शुरू हो चुकी है। 2 फरवरी का सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरियाणा के युवाओं के हकों की लड़ाई का शंखनाद होगा। इस मौके पर इनेलो जिलाध्यक्ष अशोक ढाणी माहु ने कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता धरातल पर सक्रिय है।

उन्होंने बताया कि गांव-गांव जाकर युवाओं को पार्टी की नीतियों से जोड़ा जा रहा है। ढाणी माहु ने विश्वास जताया कि भिवानी से हजारों की संख्या में युवा सम्मेलन में पहुंच कर पार्टी नेतृत्व को मजबूती प्रदान करेंगे। इस अवसर पर युवा विंग भिवानी हल्का प्रधान संदीप, युवा विंग के तोशाम हल्का अध्यक्ष सोनू दुहन, पुनीत, कुनाल, प्रियांशु, मोहित मंडौरा, रवि गुज्जर, सोनू ग्रेवाल मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button