पागल कुत्ते पर गोलीबारी में घायल हुआ शख्स, हरियाणा पुलिस ने दर्ज किया मामला

फतेहाबाद। गांव धारनियां में मंगलवार दोपहर को एक पुलिस कर्मचारी ने पागल कुत्ते पर गोली चला दी, लेकिन गोली ईंट से टकराने के बाद दो एकड़ दूर खड़े व्यक्ति को लग गई। जिससे वह घायल हो गया। घायल को पहले अग्रोहा में भर्ती करवाया और अब उसका इलाज हिसार के निजी अस्पताल में चल रहा है।
सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सिरसा निवासी पुलिस कर्मचारी प्रदीप गांव धारनियां में मकान बनाने का कार्य कर रहा है। वहीं दो एकड़ दूर इंद्रपाल अपने खेत में काम कर रहा था। इस दौरान एक पागल कुत्ता आ गया।
प्रदीप ने अपनी लाइसेंसी राइफल से गोली चला दी, जो कुत्ते को लगने की बजाए ईंट पर जा लगी। ईंट से टकराकर दो एकड़ दूर खड़े इंद्रपाल के कंधे पर लगी। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मचारी प्रदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।




