हरियाणा

सीजेएम पवन कुमार ने किया जिला कारागार और सेफ हाउस का निरीक्षण

भिवानी, (ब्यूरो): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सह मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) पवन कुमार ने बुधवार को जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण का उद्देश्य जेल में बंद बंदियों को दी जा रही मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य व्यवस्था और विधिक सहायता की स्थिति का जायजा लेना था।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम पवन कुमार ने बैरकों, रसोईघर, अस्पताल कक्ष, स्वच्छता व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने जेल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन की जिम्मेदारी है कि बंदियों को मानवीय और सम्मानजनक वातावरण प्रदान किया जाए, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।
सीजेएम पवन कुमार ने बंदियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। कई बंदियों ने स्वास्थ्य, दवाइयों की उपलब्धता, कानूनी सहायता और परिवार से मुलाकात से संबंधित मुद्दों को सामने रखा। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से जरूरतमंद बंदियों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी बंदी केवल जानकारी के अभाव में न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण लगातार प्रयासरत है।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम ने सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जेल अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में बंदियों को कंबल, गर्म कपड़े और पर्याप्त बिस्तर उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने बंदियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीमार बंदियों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं सीजेएम पवन कुमार ने सेफ हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि यहां पर आने वाले जोडों को ठंड से बचने, रहने सहने व उनके खान पान का विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर जेल व सेफ हाउस स्टॉफ मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button