हरियाणा

सरकार ने किया बड़ा ऐलान, हरियाणा के 31 लाख लोगों को मिलेगा मालिकाना हक

चंडीगढ़  :  हरियाणा में लाल डोरा और फिरनियों अंदर की संपत्तियों का मालिकाना हक जल्द लोगों को मिलेगा। हरियाणा सरकार की ओर से इन संपत्तियों का सर्वे कर निशानदेही का कार्य पूरा किया जा चुका है। मालिकाना हक मिलने के बाद लोग अपनी संपत्ति को अपने नाम करवाने के साथ ही उसे बेच भी सकेंगे और बैंक से लोन भी ले सकेंगे। राज्य सरकार के इस प्रयास से गांव के 25 लाख लोगों और शहरों के छह लाख लोगों को फायदा मिलेगा। हरियाणा सरकार आगामी विधानसभा सत्र में इस संबंध में बिल भी लेकर आ रही है।

दरअसल, लाल डोरा और फिरनियों के अंदर जो संपत्तियां हैं वह लोगों के नाम पर नहीं है। इसकी वजह से इन जमीनों पर कब्जा होने के साथ लोगों के बीच काफी विवाद होते थे। पंचायतों की भी काफी जमीन लाल डोरा के अंतर्गत है। उस पर भी कब्जे हो रहे थे। वहीं, मालिकाना हक न होने से लोग न तो अपनी जमीन बेच पा रहे थे और न ही लोन ले पा रहे थे। ग्रामीण इस बारे में सालों से सरकार से गुहार लगा रहे थे। पूर्व सीएम मनोहर लाल ने इस मुद्दे पर पहल करते हुए साल 2018 में इन संपत्तियों का सर्वे कराने और राजस्व रिकॉर्ड बनाने के निर्देश दिए थे। ऐसे में अब जाकर यह कार्य पूरा हो गया है।

हरियाणा सरकार की ओर अब इन संपत्तियों के मालिकों को राजस्व विभाग की ओर से एक नंबर दिया जाएगा। पहले पूरे गांव का एक नंबर होता था। इसके साथ ही इन संपत्तियों का रेवन्यू रिकॉर्ड भी बनेगा। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट होगा जाएगा कि परिवार के किस सदस्य के पास कितनी संपत्ति है। साल 2018 में सर्वे ऑफ इंडिया ने यह कार्य शुरू किया था। ड्रोन की मदद से सारी जमीनों की फोटो ली गई। इसके बाद उसका मैप तैयार किया गया। फिर मैप को ग्रामीणों के सामने रखा गया। उनकी ओर से सहमति मिलने के बाद ही संपत्तियों का डाटा तैयार किया गया। ग्रामीणों से आपत्तियां भी मांगी गई। सभी आपत्तियों को भी दूर कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button