आगरा: कार मालिक का बिना हेलमेट चालान, अब ड्राइवर हेलमेट पहनकर चला रहा कार, Video वायरल

उत्तर प्रदेश के आगरा में यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ लोगों को हैरान कर दिया है. बल्कि, यातायात व्यवस्था और ई-चालान सिस्टम पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोहामंडी क्षेत्र के रहने वाले और पेशे से टीचर गुलशन केन की कार का चालान हेलमेट न लगाने के नाम पर कर दिया गया, जिसे देखकर टीचर दंग रह गए.
हेलमेट लगाकर चला रहे कार
गुलशन केन का हेलमेट पहनकर कार चलाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में चालक ने कहा कि जब उनकी कार का चालान बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने के नाम पर हो रहा है तो वह अब भविष्य में ऐसे गलत चालानों से बचने के लिए हेलमेट लगाकर ही कार चलाएंगे. अब ये मामला आगरा में चर्चा का विषय बना गया है.
लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि आखिर ई-चालान सिस्टम में ऐसी चूक कैसे हो सकती है, जहां चार पहिया वाहन का चालान दोपहिया वाहन के नियम के तहत कर दिया गया. स्थानीय लोगों ने इसे अधिकारियों की लापरवाही और तकनीकी खामी बताते हुए यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. यह घटना न सिर्फ एक हास्यास्पद स्थिति पैदा करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि ई-चालान प्रणाली में सत्यापन और सटीकता (verification and accuracy) की कितनी सख्त जरूरत है. ताकि आम जनता को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े.




