हरियाणा

लोहारू रोड रेलवे फाटक C-51 हमेशा के लिए होगा बंद: 80 साल पुराने रास्ते का बदला सफर, जानें नया रूट

भिवानी। करीब आठ दशक बाद लोहारू रोड स्थित रेलवे फाटक संख्या सी-51 को स्थायी रूप से बंद करने की तैयारी हो गई है। इसके पीछे मुख्य वजह भिवानी रेलवे जंक्शन के दायरे का विस्तार और नई वाशिंग लाइन का निर्माण है। प्रस्ताव के अनुसार फाटक संख्या सी-51 को भिवानी रेलवे जंक्शन का ही हिस्सा बनाया जाएगा।

फिलहाल इस फाटक पर दिनभर वाहनों का भारी दबाव रहता है और घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। हालांकि दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई के दायरे में इसी फाटक के समीप 52 साल पुराने रेलवे ओवरब्रिज को तोड़कर नया ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। भिवानी रेलवे जंक्शन की शुरुआत वर्ष 1892 में राजपुताना-मालवा रेलवे के तहत प्रारंभिक प्रारूप में हुई थी जो बाद में उत्तर पश्चिम रेलवे जोन का हिस्सा बना। वर्ष 1994 में मीटर गेज को ब्रॉड गेज में परिवर्तित किया गया।

वर्तमान में यह स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित हो चुका है और देश के आधुनिक स्टेशनों में इसकी गिनती हो रही है। रेवाड़ी-भटिंडा रेल लाइन पर स्थित यह मुख्य स्टेशन से महज आधा किलोमीटर के दायरे में आता है। रेलवे ने इसी रेल लाइन पर स्टेशन से कुछ ही दूरी पर कृष्णा कॉलोनी के छौर स्थित फाटक संख्या सी-52 को पहले ही बंद कर वहां नया रेलवे ओवरब्रिज बना दिया है जिससे दिनोद रोड की आठ से अधिक कॉलोनियों के लोगों की आवाजाही हो रही है।

अब इसी कड़ी में फाटक संख्या सी-51 को भी स्थायी रूप से बंद करने की तैयारी है। रेलवे जंक्शन के समीप रेलवे वाशिंग लाइन के विस्तार का प्रस्ताव है। फिलहाल यहां बनी वाशिंग लाइन छोटी ट्रेनों के लिए है लेकिन आधुनिक जंक्शन बनने के बाद बड़ी ट्रेनों का ठहराव भी सुनिश्चित हो रहा है। ऐसे में स्टेशन के विस्तार के साथ वाशिंग लाइन का विस्तार भी प्रस्तावित किया गया है जिस पर रेलवे अंतिम रूप देने में जुटा है। रेवाड़ी-भटिंडा रेल मार्ग पर हालुवास रेलवे फाटक तक के क्षेत्र को इस विस्तार में शामिल किया जाना है। इसके चलते रेलवे की ओर से आसपास मकान बनाने वालों को भी भूमि अधिग्रहण के नोटिस दे दिए हैं।

शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए छठे रेलवे ओवरब्रिज की दरकार

शहर में बढ़ती वाहनों की संख्या और लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए अब छठे रेलवे ओवरब्रिज की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है। फिलहाल शहर में पांच रेलवे ओवरब्रिज हैं जिनमें से एक लोहारू रोड का रेलवे ओवरब्रिज निर्माणाधीन है। छठे रेलवे ओवरब्रिज के देवसर चुंगी स्थित रेलवे फाटक संख्या सी-51 पर बनने की उम्मीद है क्योंकि रेलवे पहले से ही इस फाटक को बंद करने का मन बना चुका है और अब वाशिंग लाइन विस्तार के कारण इसे स्थायी रूप से बंद किया जाना प्रस्तावित हो गया है। पीडब्ल्यूडी पहले ही देवसर चुंगी पर जोगीवाला मंदिर से लेकर अनाज मंडी गेट तक की भूमि की मैपिंग करा चुका है। शहर में फिलहाल दिनोद रोड कृष्णा कॉलोनी रेलवे फाटक, तोशाम रोड रेलवे फाटक, हांसी रोड जिला कारागार के समीप, खरकड़ी रोड डबल रेलवे फाटक पर चार रेलवे पुल बने हुए हैं जबकि पांचवां रेलवे ओवरब्रिज दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई पर लोहारू रोड रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन है।

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र बीकानेर रेल मंडल का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है जो व्यापारिक और सामाजिक समृद्धि के लिहाज से देश के अन्य हिस्सों से जुड़ना बेहद जरूरी है। भिवानी में रेलवे जंक्शन चौधरी बंसीलाल की देन है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस स्टेशन को आधुनिक रेलवे जंक्शन की श्रेणी में शामिल करते हुए अमृत भारत योजना के तहत इसका पुनर्निर्माण कराया है। भविष्य को देखते हुए भिवानी में मुख्य रेलवे जंक्शन और सिटी स्टेशन दोनों को विकसित किया जा रहा है। रेवाड़ी-भटिंडा रेल मार्ग पर वाशिंग लाइन का विस्तार किया जाना है। इसी के चलते लोहारू रोड रेलवे फाटक भी भिवानी जंक्शन का हिस्सा बन जाएगा और इसे बंद किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button