हरियाणा

1672 पदों का खाली रह जाना सरकारी तंत्र की बड़ी विफलता: गागड़वास

भिवानी,(ब्यूरो): हरियाणा में बेरोजगारी और लटकी हुई भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र राज गागड़वास ने कहा कि प्रदेश का शिक्षित युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। गागड़वास ने हालिया भर्ती आंकड़ों का हवाला देते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि 1711 पदों के लिए निकाली गई भर्ती में मात्र 39 युवाओं का चयन होना और 1672 पदों का खाली रह जाना सरकारी तंत्र की सबसे बड़ी विफलता है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कृषि विभाग की भर्ती का विशेष उल्लेख किया गया। उन्होंने बताया कि एडीओ के 100 पदों के लिए युवा साढ़े तीन साल से तैयारी कर रहे थे, लेकिन सरकार ने अचानक पूरी प्रक्रिया ही रद्द कर दी। उन्होंने सवाल उठाया कि युवाओं के कीमती समय और उनकी मेहनत की भरपाई कौन करेगा। नरेंद्र राज ने एक तार्किक सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा का युवा जब देश की सबसे कठिन परीक्षा यूपीएससी पास कर सकता है, तो वही युवा एचपीएससी (हरियाणा लोक सेवा आयोग) की परीक्षाओं में असफल कैसे हो जाता है। गागड़वास ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के पास रोजगार को लेकर कोई ठोस नीति या विजन नहीं है। लगातार रद्द होती भर्तियां और वर्षों तक लटकी चयन प्रक्रियाएं अब हरियाणा के हर परिवार की सबसे बड़ी चिंता बन चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button