हरियाणा

भिवानी की खुशी बनीं कॉर्फ़बॉल फेडरेशन कप की ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’, निगाणा कलां का नाम किया रोशन

भिवानी। 13 से 15 फरवरी तक लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के खेल परिसर में आयोजित 22वीं कॉर्फबाल फेडरेशन कप में गांव निगाणा कलां की बेटी खुशी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी टीम को तीसरा स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई और पूरे टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब भी अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में खुशी ने 10 गार्ड्स यूनिट का प्रतिनिधित्व किया। उनकी टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। टूर्नामेंट के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में खुशी को उत्कृष्ट खेल भावना और प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। खुशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा केदार सिंह सांगवान, पिता हवलदार रामोतार और कोच राजप्रीत सिंह औलक को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके कठिन अभ्यास और परिवार व कोच के अटूट विश्वास का परिणाम है। 10 गार्ड्स यूनिट और कोचों द्वारा दिए गए मंच के लिए उन्होंने आभार जताया। खुशी ने कहा कि उनका लक्ष्य देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना है।

खुशी के दादा केदार सिंह सांगवान और पिता हवलदार रामोतार ने कहा कि खुशी ने अपनी मेहनत से निगाणा कलां का नाम पूरे देश में रोशन किया है। उसकी यह सफलता गांव की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह इसी तरह आगे बढ़ती रहे और देश का गौरव बढ़ाए।

Related Articles

Back to top button